इटारसी। जिले का सबसे भव्य और पारंपरिक धार्मिक आयोजन, श्री द्वारिकाधीश मंदिर में विराट ‘छप्पन भोग’, इस वर्ष आंवला नवमी के पावन अवसर पर 30 अक्टूबर, बुधवार को आयोजित किया जाएगा। इस दिव्य आयोजन की तैयारियां आज से मंदिर परिसर में पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हो गई हैं।
यह विराट छप्पन भोग प्रसंग मंदिर से जुड़ी करीब 100 भक्तों की समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। समिति की मेहनत और अनुशासन का ही परिणाम है कि हर साल इस आयोजन में लगभग दस हजार श्रद्धालु ठाकुर जी को समर्पित भोजन प्रसादी को पूरी अनुशासन के साथ कतारबद्ध होकर ग्रहण करते हैं।
समिति ने जिले और नगर के सभी धर्म प्रेमी श्रद्धालुओं को इस भव्य प्रसंग में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है, ताकि वे छप्पन भोग प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकें।
कार्यक्रम का विवरण
- गिरिराज जी के दर्शन : शाम 6:00 बजे से
- छप्पन भोग दर्शन : शाम 7:15 बजे से
- प्रसादी वितरण का शुभारंभ : रात्रि 8:00 बजे से
समिति ने श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि वे निर्धारित समय पर पहुंचकर इस धार्मिक उत्सव का हिस्सा बनें।








