इटारसी। मध्य प्रदेश के प्रमुख रेलवे जंक्शन इटारसी पर शनिवार रात एक शराबी यात्री ने जमकर उत्पात मचाया। यात्री ने स्टेशन के बुकिंग कार्यालय में लगी एक ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन में तोडफ़ोड़ कर दी, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
रेलवे सुरक्षा बल से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान उमेश गुप्ता (पुत्र राधिका प्रसाद गुप्ता), उम्र 41 वर्ष, निवासी भोला नगर, जबलपुर के रूप में हुई है। उमेश गुप्ता शराब के नशे में धुत था और उसने बुकिंग कार्यालय में लगी एटीजीएम मशीन को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे मशीन क्षतिग्रस्त हो गई।
यात्रियों ने पकड़ा, आरपीएफ ने लिया हिरासत में
यात्री के इस हिंसक व्यवहार और हंगामे को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और वेंडरों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे काबू में किया। इसके तुरंत बाद रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दी गई। आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और आरोपी उमेश गुप्ता को हिरासत में ले लिया। आरपीएफ पोस्ट इटारसी द्वारा आरोपी यात्री का शासकीय अस्पताल इटारसी में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। आरपीएफ ने आरोपी उमेश गुप्ता के खिलाफ रेल अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।








