नर्मदापुरम। नर्मदापुरम पुलिस ने, थाना कोतवाली पुलिस के माध्यम से, अड़ीबाजी (रंगदारी) और हत्या के प्रयास के आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई बजरंग चौक, ग्वालटोली, नर्मदापुरम में दो पक्षों के बीच हुए आपसी रंजिश के चलते हुए विवाद, फायरिंग, धमकी और अड़ीबाजी की घटना के संबंध में की गई।
थाना प्रभारी कोतवाली ने घटना से संबंधित दोनों पक्षों को हिरासत में लिया और दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। पहले प्रकरण में फरियादी अनुज पिता रामगोपाल मेषकर (उम्र 19 वर्ष, निवासी बजरंग चौक, ग्वालटोली) की रिपोर्ट पर, आरोपी सूरज पिता राजू कुचबंदिया (उम्र 23 वर्ष) और सागर पिता राजू कुचबंदिया (उम्र 24 वर्ष) के विरुद्ध पार्किंग विवाद के चलते गाली-गलौज, मारपीट, और पिस्टल से फायर कर जान से मारने का प्रयास करने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है।
दूसरे प्रकरण में फरियादी सूरज पिता राजू गौहर (उम्र 23 वर्ष, निवासी बजरंग चौक, ग्वालटोली) की रिपोर्ट पर, अभियुक्त प्रथम पिता रामगोपाल मेषकर (उम्र 23 वर्ष) और अनुज पिता रामगोपाल मेषकर (उम्र 18 वर्ष) के विरुद्ध रास्ता रोककर अ?ीबाजी (रंगदारी) करने, धमकी देने, गलत तरीके से रोकने, गाली-गलौज कर मारपीट करने, और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पंजीबद्ध किया।
दोनों प्रकरणों में कुल चार आरोपियों सूरज पिता राजू कुचबंदिया / गौहर 23 वर्ष, सागर पिता राजू कुचबंदिया 24 वर्ष, प्रथम पिता रामगोपाल मेषकर 21 वर्ष, अनुज पिता रामगोपाल मेषकर 19 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी सूरज कुचबंदिया/गौहर पिता राजू गौहर से घटना में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्टल और खोखे जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध थाना कोतवाली में पहले से भी प्रकरण दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है और प्रकरण की विवेचना जारी है।
प्रकरण में थाना प्रभारी कोतवाली, निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में उप-निरीक्षक हेमंत निशोद, जितेन्द्र चौहान, विशाल नागवे, सहायक उपनिरीक्षक संजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रीतेश यदुवंशी, पुष्पेन्द्र, श्याम सिंह, चेतन, राजकुमार तिवारी, आरक्षक कमलेश, प्रमेश, धर्मेन्द्र, सतीष, रीतेश, प्रदीप, विक्की, पंकज, रवि, और वैभव श्रीवास्तव, रामकुमार की टीम ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया।








