इटारसी। पुरानी इटारसी स्थित टीआरएम स्कूल के बैंड ने नर्मदापुरम संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर भोपाल में होने वाली प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। अब यह स्कूल बैंड राज्य स्तर पर नर्मदापुरम संभाग का प्रतिनिधित्व करेगा।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन
नर्मदापुरम संभाग स्तरीय बैंड प्रतियोगिता आज शासकीय एसएनजी स्कूल, नर्मदापुरम में संपन्न हुई। प्रतियोगिता का आयोजन संभागीय कार्यालय, शिक्षा विभाग, नर्मदापुरम संभाग द्वारा किया गया था। इस प्रतियोगिता में नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिलों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंड ने हिस्सा लिया। टीआरएम स्कूल, पुरानी इटारसी के बैंड ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर संभाग में पहला स्थान प्राप्त किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुआ।
निर्णायक मंडल और शुभकामनाएं
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक दल में नवोदय विद्यालय प्राचार्य, उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य, एसएनजी स्कूल प्राचार्य एवं अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की इस बड़ी उपलब्धि पर स्कूल प्राचार्या सुश्री रश्मा भाटिया ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने राज्य स्तर पर संभाग का नाम रोशन करने के लिए बैंड टीम को कड़ी मेहनत और लगन के साथ आगे बढऩे की सलाह भी दी।








