नर्मदापुरम। कमिश्नर कार्यालय नर्मदापुरम में सोमवार को नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर कृष्ण गोपाल तिवारी की अध्यक्षता में रबी फसलों की सिंचाई हेतु संभागीय जल उपयोगिता समिति की महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 3 नवंबर से हरदा और 5 नवंबर से सिवनी मालवा समेत संभाग के विभिन्न क्षेत्रों के लिए तवा नहर से पानी छोड़ा जाएगा।
बैठक में तय किया गया कि तवा नहर से पानी छोडऩे हरदा जिले हेतु बायीं तट मुख्य नहर स 3 नवंबर, 2025, तवा नहर संभाग सिवनी मालवा की नहर के लिए 5 नवंबर, 2025, तवा परियोजना संभाग इटारसी के लिए 7 नवंबर, 2025, पीबीसी संभाग सोहागपुर नहर से 10 नवंबर, 2025 की तिथि रहेंगी। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि यदि इस दौरान लगातार बारिश होती है, तो इन तय की गई तिथियों में परिवर्तन किया जा सकेगा।
जलाशय की स्थिति और प्रबंधन के निर्देश
जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता राजाराम मीना ने बैठक में जानकारी दी कि तवा जलाशय की वर्तमान जल संग्रहण स्थिति 1949 एमसीएम है, जो कि उपलब्ध भराव का 100 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में नहरों की साफ-सफाई का कार्य 50 प्रतिशत तक पूर्ण कर लिया गया है। कमिश्नर श्री तिवारी ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहरों से पानी छोड़े जाने के लिए बेहतर प्रबंधन एवं बेहतर सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पानी छोडऩे वाले स्थान से लेकर टेल क्षेत्र तक कुछ मुख्य प्वाइंटों पर नहर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए जल संसाधन विभाग के कर्मचारी और होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।
कमिश्नर ने विद्युत विभाग के जीएम विनोद सिंह भदोरिया को निर्देश दिए कि किसानों को नहर से पानी लेने के लिए दिए जाने वाले अस्थायी कनेक्शन जल संसाधन विभाग की सहमति के बाद ही जारी किए जाएं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नहरों के सुचारु एवं पर्याप्त जल प्रवाह हेतु उपयुक्त प्रबंधन एवं बारीकी से निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक में कमिश्नर ने बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी को यह भी निर्देश दिए कि वे बैतूल जिले में स्थित जलाशयों के माध्यम से सिंचाई हेतु पानी का समुचित उपयोग करने के लिए प्रस्ताव तैयार करें और यथासंभव किसानों को सिंचाई सुविधा हेतु पानी उपलब्ध कराएं।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला, डीआईजी प्रशांत खरे, कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता राजाराम मीना, उप संचालक कृषि जेआर हेडाऊ और विद्युत विभाग के जीएम विनोद सिंह भदोरिया उपस्थित रहे। वहीं हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन मौजूद थे।









