- खेड़ा में घटनास्थल का किया निरीक्षण, अस्पताल में भी पहुंची विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा की चिंता
इटारसी। स्थानीय खेड़ा क्षेत्र में मंगलवार शाम को हुए भयावह एथेनॉल टैंकर विस्फोट की घटना के बाद, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने आज दोपहर 12 बजे घटनास्थल का निरीक्षण किया। विधायक ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त की और पीडि़तों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
घायलों के इलाज पर विशेष ध्यान
घटनास्थल का जायजा लेने के बाद, विधायक डॉ. शर्मा ने तुरंत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल का रुख किया, जहां इस विस्फोट में घायल हुए मरीज भर्ती हैं। विधायक ने अस्पताल अधीक्षक और डॉक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घायल मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। उनका बेहतर और नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, नगर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा और नगर भाजपा महामंत्री सौरभ मेहरा सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने घटना की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मालूम हो कि खेड़ा इटारसी में आकाश वेल्डिंग वर्कशाप के सामने वेल्डिंग के दौरान खाली एथेनॉल टैंकर में विस्फोट हो गया था, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे और संपत्ति का भी नुकसान हुआ था। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।








