इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने आज यातायात सप्ताह अभियान के तहत एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस रैली का उद्देश्य आम जनता को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना था।
प्राचार्य ने दिखाई हरी झंडी
महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई इस रैली का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर, प्राचार्य डॉ. मेहता ने स्वयंसेवकों को यातायात नियमों के महत्व के बारे में समझाया। उन्होंने विशेष रूप से आग्रह किया कि ड्राइविंग करते समय मोबाइल का प्रयोग न करें। मोटरसाइकिल चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन करके हम न केवल अपना बल्कि दूसरों का जीवन भी सुरक्षित कर सकते हैं।
नारों के साथ किया जागरूक
जागरूकता रैली के दौरान, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक यातायात संबंधी नारे लगाते हुए पूरे क्षेत्र में जन जागरूकता फैलाई। स्वयंसेवकों द्वारा लगाए गए प्रमुख नारे थे, हेलमेट पहनो, सुरक्षित रहो!, सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा!, सीट बेल्ट लगाएं, जिंदगी बचाएं!, दुर्घटना से देर भली!
कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना (बालक इकाई) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशुतोष मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रैली में उपस्थित प्राध्यापकों में डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. रश्मि तिवारी, डॉ. सुसन मनोहर, डॉ. पीके अग्रवाल, डॉ. वी के कृष्णा, डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. मनीष चौरे, डॉ. दिनेश कुमार, श्रीमती श्रुति, डॉ. बस्सा, श्री संजीव कैथवास, और डॉ. एकता राय शामिल थे।








