इटारसी। वन विभाग ने आज 01 नवंबर 2025 को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, अवैध लकड़ी स्टॉक और लेखा-जोखा में गंभीर अनियमितता पाए जाने के कारण, केसला स्थित राधे माधव फर्नीचर मार्ट को सील कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक, नर्मदापुरम के मार्गदर्शन और वनमंडलाधिकारी तथा उप वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में की गई।
जांच में खुली पोल : स्टॉक और रिकॉर्ड में भारी अंतर
वन परिक्षेत्र सुखतवा के अंतर्गत यह निरीक्षण एवं जांच कार्यवाही की गई। जांच दल ने जब मौके पर मौजूद सागौन की लकड़ी के स्टॉक को फर्नीचर मार्ट के स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक से मिलाया, तो उसमें भारी भिन्नता (अंतर) पाई गई।
- अनियमितता का आधार : स्टॉक रजिस्टर में दर्ज लकड़ी की मात्रा और मौके पर मौजूद वास्तविक स्टॉक का मिलान नहीं हुआ।
- तत्काल कार्रवाई : इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए, नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की गई।
फर्नीचर मार्ट सील, उच्चस्तरीय जांच जारी
वन विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से राधे माधव फर्ऩीचर मार्ट को सील बंद कर दिया। यह कार्रवाई वन मंडलाधिकारी महोदय, नर्मदापुरम के आदेश के तहत की गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सागौन काष्ठ के स्टॉक और वैधानिक दस्तावेजों में भिन्नता पाई गई है। नियमानुसार फर्नीचर मार्ट को सील कर दिया है।
इस मामले में जांच की प्रक्रिया वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जारी है, और विस्तृत जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी व्यापार में लिप्त लोगों के बीच हडक़ंप मच गया है।








