इटारसी। इटारसी शहर के रेलवे स्टेशन के ठीक बाहर शनिवार को सडक़ पर उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक महिला ने खुलेआम एक युवक को चाकू लहराते हुए धमकाया। महिला के हाथ में चाकू देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे।
भागकर बचाई युवक ने जान
धमकाने की इस घटना के दौरान युवक किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा और अपनी जान बचाई। यह पूरी घटना मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर ली, और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वायरल वीडियो में महिला सरेआम चाकू लहराती और युवक पर हमलावर होते हुए दिखाई दे रही है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार, मानसिक विक्षिप्तता की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और चाकू हाथ में लेकर हंगामा कर रही महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में महिला का नाम पूजा बताया गया है। पुलिस के अनुसार, महिला प्रथम दृष्टया मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत होती है। पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।








