इटारसी। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का द्वितीय एवं तृतीय सोपान शिविर 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2025 तक एमजीएम स्कूल, रैसलपुर में संपन्न हुआ। इस पांच दिवसीय शिविर में हरदा, होशंगाबाद और इटारसी (नर्मदापुरम संभाग) के कुल 224 स्काउट्स एवं गाइड्स ने भाग लिया, जहां उन्हें अनुभव, ज्ञान और नई ऊर्जा प्राप्त हुई।
शिविर में प्रशिक्षण और गतिविधियां शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों में जीवन कौशल, नेतृत्व क्षमता और सामुदायिक सेवा के गुणों का विकास करना था। स्काउट्स और गाइड्स को शारीरिक प्रशिक्षण दिया। सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, जिससे विद्यार्थियों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां : प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें स्वागत गीत, सोशल मीडिया जागरूकता पर नाटक और आकर्षक राजस्थानी नृत्य शामिल थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. मनीष वर्मा, संयुक्त संचालक (शिक्षा), नर्मदापुरम संभाग, विशेष उपस्थिति श्रीमती ज्योति प्रह्लादी, जिला शिक्षा अधिकारी श्रवण सिंह राजपूत, लक्ष्मण सोनी, श्रीमती शोभना शर्मा आदि मौजूद थे।
मुख्य अतिथि डॉ. मनीष वर्मा ने अपने संबोधन में स्काउट्स एंड गाइड्स आंदोलन की वैश्विक भावना पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को इस आंदोलन में सर्वोच्च राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। नेतृत्व और अनुशासन पर जोर प्रधानाचार्य शायजू फिलिप ने अपने उद्बोधन में स्काउट्स एंड गाइड्स गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में जीवन कौशल और नेतृत्व गुणों के विकास की महत्ता पर जोर दिया। उप-प्रधानाचार्य अनुराग दीवान ने ऐसे आवासीय शिविरों से प्रतिभागियों में अनुशासन और सशक्त टीम भावना के विकास की सराहना की।








