इटारसी। शहर के एक ईमानदार नागरिक ने मिसाल पेश करते हुए 1 लाख रुपये कीमती एप्पल मोबाइल फोन को उसके मालिक तक पहुंचाने में मदद की। यह मोबाइल फोन बीती रात सोनासांवरी मार्ग पर गिरकर गुम हो गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, सरदार जसबीर सिंह का लगभग एक लाख रुपये मूल्य का एप्पल मोबाइल फोन सोनासांवरी मार्ग पर कहीं गिर गया था। यह गुम हुआ मोबाइल विशाल केवट, निवासी सोनासांवरी, को रास्ते में पड़ा मिला। ईमानदारी का परिचय देते हुए विशाल केवट ने बिना देर किए, यह कीमती फोन लाकर इटारसी थाने में जमा करा दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल के मालिक सरदार जसबीर सिंह को सूचना दी। सूचना मिलने पर जसबीर सिंह थाने पहुंचे, जहां तस्दीक (जांच) के बाद पुलिस ने मोबाइल उन्हें सुपुर्द कर दिया। अपना महंगा फोन वापस पाकर सरदार जसबीर सिंह ने मोबाइल लौटाने वाले नागरिक विशाल केवट और पुलिस विभाग के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।








