इटारसी। अहिल्या नगर, वार्ड क्रमांक 23 में रात्रि के समय बाहरी और संदिग्ध तत्वों की आवाजाही बढऩे से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बन गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, वार्ड पार्षद राकेश जाधव के आवास पर मोहल्ला समिति की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस विभाग से तत्काल गश्त बढ़ाने की मांग करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के मुख्य बिंदु और निर्णय
वार्ड के कुछ निवासियों से मिली सूचना के बाद मोहल्ला समिति ने सक्रियता दिखाते हुए यह बैठक आयोजित की। समिति के सदस्यों ने पूरे वार्ड में भ्रमण कर वस्तु स्थिति की जानकारी ली और निवासियों को जागरूक किया। सुरक्षा संबंधी इस महत्वपूर्ण बैठक और जन-संपर्क भ्रमण में पार्षद राकेश जाधव के साथ देवेंद्र पटेल, राजकुमार दुबे, सुश्री सीपी ठाकुर, जीपी दीक्षित, विजय दुबे, बृजमोहन सिंह मीना, केपी सैनी, हैप्पी शर्मा, अभिजीत मुखर्जी, कालिदास भावसार, द्वारका सोनिया, प्रदीप सोनिया, मूलचंद प्रजापति और विजय राव नाईक सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बैठक में निर्णय
- गश्त बढ़ाने की मांग : समिति पुलिस विभाग से वार्ड में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग करेगी, ताकि बाहरी और आपराधिक इरादे से घूम रहे तत्वों पर लगाम लगाई जा सके।
- ज्ञापन सौंपा जाएगा : समिति शीघ्र ही टीआई गौरव बुंदेला को एक ज्ञापन सौंपेगी, जिसमें वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आग्रह किया जाएगा।
- महत्वपूर्ण नंबरों का प्रदर्शन : वार्ड के प्रमुख चौराहों की दीवारों पर पुलिस अधिकारियों और बीट प्रभारी के संपर्क नंबर लिखवाए जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में लोग तुरंत सहायता ले सकें।
- शीघ्र पुलिस चौपाल : वार्ड वासियों की समस्याओं को सीधे पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए वार्ड में जल्द ही एक पुलिस चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
- जागरूकता अपील : समिति ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस आपातकालीन नंबर 112 पर देने की अपील की है।








