इटारसी। राज्यसभा सांसद, मध्य प्रदेश के पूर्व एडवोकेट जनरल और पूर्व एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया विवेक कृष्ण तन्खा 8 नवंबर 2025 को पचमढ़ी पहुंच रहे हैं। वे यहां चल रहे 10 दिवसीय कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करेंगे।
इस आशय की जानकारी इटारसी के अधिवक्ता रमेश के. साहू ने दी। श्री साहू ने बताया कि सांसद तन्खा 7 नवंबर, शुक्रवार को दिल्ली से नियमित फ्लाइट द्वारा दोपहर 1:15 बजे भोपाल पहुंचेंगे। भोपाल में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद वे संध्याकाल में पचमढ़ी के लिए रवाना होंगे। रास्ते में, वे पिपरिया के कांग्रेस जनों से भी भेंट करेंगे और रात का विश्राम पचमढ़ी में करेंगे।
संविधान और विधिक विषय पर संबोधन
अगले दिन, 8 नवंबर को श्री तन्खा प्रशिक्षण शिविर में मध्य प्रदेश के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन मुख्य रूप से संविधान एवं विधिक विषय पर केंद्रित होगा। इस दौरान वे जिला अध्यक्षों से संवाद भी करेंगे।
संबोधन के बाद, श्री तन्खा 8 नवंबर को ही संध्या काल में पचमढ़ी से कार द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे और रात्रि की फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस के नए नेतृत्व को कानूनी और संवैधानिक समझ से लैस करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








