इटारसी। प्रदेश में चल रही वोटर लिस्ट के गहन परीक्षण (संक्षिप्त पुनरीक्षण-स्ढ्ढक्र) अभियान को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी ने गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
एसआईआर पर जानकारी और मार्गदर्शन
बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार वोटर लिस्ट के गहन परिक्षण को प्रभावी ढंग से पूरा करना था। इस अवसर पर उपस्थित सभी बीएलए को एसआईआर की प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के दौरान सामने आने वाली संभावित समस्याओं से भी अवगत कराया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल ने सभी बीएलए को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की तकनीकी या जमीनी समस्या आने पर वे तत्काल जिला कार्यालय को सूचित करें ताकि समय पर उसका समाधान किया जा सके।
एसडीएम से मुलाकात कर परेशानी बताई
बैठक संपन्न होने के तुरंत बाद, कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम नीलेश शर्मा को वोटर लिस्ट के संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में ग्राउंड लेवल पर आ रही परेशानियों और चुनौतियों से अवगत कराया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पुनरीक्षण कार्य को सुचारू और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन आवश्यक कदम उठाए। बैठक और मुलाकात के दौरान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल, सहित सभी पार्षद और बीएलए बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








