इटारसी।/सुखतवा। भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय, सुखतवा में बाल संरक्षण क्लब (1098) की ओर से अंतर्राष्ट्रीय बाल अधिकार सप्ताह की रंगारंग शुरुआत हुई। 14 से 20 नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह का शुभारंभ महाविद्यालय के बच्चों ने रंगोली कार्यक्रम आयोजित करके किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. नीता राजपूत और बाल संरक्षण क्लब प्रभारी डॉ. राधा आशीष पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के पहले दिन, क्लब के सदस्यों ने रंगोली बनाकर सप्ताह का आगाज किया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का संरक्षण करना हम सभी का मूलभूत अधिकार है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया।
बाल संरक्षण क्लब प्रभारी डॉ. राधा आशीष पांडे ने बाल संरक्षण के महत्व को स्पष्ट करते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र के सभी बालक-बालिकाएं इस श्रेणी में आते हैं और उनका संरक्षण करना हमारा मूलभूत कर्तव्य है। क्लब सदस्य मोनिका बामने ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों की मदद के लिए बाल संरक्षण क्लब ने हेल्पलाइन नंबर 1098 प्रदान किया है।
इस नंबर पर बच्चे अपने या अपने आस-पास हो रही किसी भी गलत बात या समस्या की जानकारी दे सकते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त परिवार, बाल संरक्षण क्लब की टीम और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।









