इटारसी। इटारसी के निकट ग्राम धाई के नयापुरा मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय है, जहां के निवासियों और खासकर स्कूली बच्चों को हर दिन पानी से गुजरकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सड़क पर जलभराव की यह ‘शर्मसार करने वाली तस्वीर’ स्थानीय प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है।
ग्रामीणों और छात्रों की मुसीबत स्थानीय निवासी विनोद वारिवा ने इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि इस छोटी-सी सड़क पर कम से कम एक पुलिया का निर्माण तुरंत होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जलभराव के कारण न केवल छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, बल्कि ग्रामीणों को भी अपने दैनिक कार्यों के लिए इस पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
प्रशासन की अनदेखी: दो साल से अटकी पुलिया
जनपद पंचायत के सदस्य सुखराम कुमरे ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कई बार सीईओ, केसला को आवेदन दिया है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। कुमरे ने आगे स्पष्ट किया कि पुलिया निर्माण कार्य में मुख्य बाधा फंड की कमी है। उन्होंने कहा जनपद की राशि पिछले दो वर्षों से नहीं आई है। जैसे ही राशि उपलब्ध होती है, प्राथमिकता के आधार पर पुलिया निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। फिलहाल, ग्रामीणों को इस जर्जर और जलमग्न सड़क पर ही जीवन गुजारना पड़ रहा है, जबकि स्कूली बच्चों का भविष्य पानी के बीच से निकलने को मजबूर है।









