नर्मदापुरम। प्रेरणा कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आज सामाजिक जागरूकता विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें कक्षा 11 वीं और 12वीं के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम डॉ. सावित्री पाठक के सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थान भोपाल ‘गुरुकुल’ द्वारा संचालित किया गया।
कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य युवाओं में आत्मचिंतन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना था। विशेषज्ञ परेश पाठक ने छात्रों को अपनी ताकत, कमजोरी और आंतरिक भय को पहचानने के तरीके बताए तथा समझाया कि स्वयं की पहचान ही व्यक्तित्व विकास की पहली सीढ़ी है।
सत्र में संतुलित दिनचर्या और अनुशासन के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्रों को बताया कि नियमित दिनचर्या न केवल उनकी पढ़ाई बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता का आधार हो सकती है। कार्यशाला के अंतिम चरण में छात्रों को समाज से जुडऩे और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका समझने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें अपने परिवार, पड़ोस और समुदाय के लोगों से अधिकारों और कर्तव्यों पर संवाद करने के निर्देश दिए गए। इन संवादों के वीडियो छात्र स्वयं रिकॉर्ड करेंगे, जिन्हें शोध सामग्री के रूप में विद्यालय में सुरक्षित रखा जाएगा।
संस्थान के अनुसार इन अभिलेखों से समाज की सोच, जागरूकता और अपेक्षाओं का अध्ययन किया जाएगा तथा शोध के निष्कर्षों को आगे अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक भी पहुंचाया जाएगा, ताकि वे भी ऐसी पहल से प्रेरित हो सकें। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों में आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल और सामाजिक संवेदनशीलता को विकसित करती हैं। गुरुकुल संस्थान आगामी महीनों में जिले के अन्य विद्यालयों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेगा। कार्यक्रम में अतुल शर्मा और ललित सोनी ने भी अपना मार्गदर्शन प्रदान किया। इस पहल को नर्मदापुरम में शिक्षा और समाज के बीच नई साझेदारी की शुरुआत माना जा रहा है।









