इटारसी। नारी जागृति मंच, इटारसी द्वारा बैतूल जिले की घोड़ाडोंगरी तहसील के दुर्गम वनग्राम दानवाखेड़ा में 30 नवंबर 2025 को शीतकालीन वस्त्र एवं आवश्यक सामग्री वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंच की टीम ने घने जंगल, पहाड़ी नालों और कठिन रास्तों को पार करते हुए कोरकू जनजाति बाहुल्य इस गांव में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
सेवा कार्य की मुख्य बातें
मंच की टीम ने महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को वस्त्र, जूते-चप्पल, खिलौने व अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की। मंच की संयोजिका श्रीमती विद्या मिश्रा के नेतृत्व में सुमन शर्मा, कीर्ति मालवीय, सुनयना तिवारी, रश्मि गायकवाड़, मालती त्रिपाठी, विधि मिश्रा, श्रीनिधि तिवारी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। इस सेवा अभियान में श्रमिक आदिवासी संगठन के राजेंद्र गढ़वाल और किसान आदिवासी संगठन के कपिल खंडेलवाल का विशेष सहयोग रहा।
मंच की व्यवस्था के लिए पहल
बुनियादी सुविधाओं बिजली, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी के अभाव से जूझ रहे ग्रामीणों ने अपने पारंपरिक नृत्य-गीतों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। गांव में संचालित समता पाठशाला में वर्तमान में 135 बच्चों को शिक्षा दी जा रही है, जहां शिक्षक बाबूलाल ग्रामीण सहयोग से निरंतर सेवा दे रहे हैं। क्षेत्र में बीमारी फैलने की सूचना को देखते हुए, मंच ने आयुष्मान कार्ड बनवाने और नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था हेतु भी पहल शुरू कर दी है। नारी जागृति मंच ने शासन, प्रशासन और समाज से अपील की है कि दानवाखेड़ा सहित आसपास के वनग्रामों की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु ठोस एवं संवेदनशील प्रयास किए जाएं।









