इटारसी। शहर में बढ़ती हुई ठंड को देखते हुए वार्ड नंबर 11 के पार्षद अमित विश्वास ने जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने कंबल वितरण अभियान चलाया। उन्होंने विगत दिवस शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर यह सराहनीय कार्य किया। पार्षद अमित विश्वास ने रेलवे स्टेशन के सामने स्थित रैन बसेरा में ठहरने वाले यात्रियों के लिए कंबल भेंट किए।
उन्होंने कंबल वहाँ के मैनेजर को सौंपे ताकि वे जरूरतमंद यात्रियों के काम आ सकें। इस कार्य के लिए रैन बसेरा के सभी लोगों ने पार्षद का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान उनके साथ मंगल मंडल भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, पार्षद विश्वास ने भारत टॉकीज के पास नाली निर्माण के कारण विस्थापित हुए परिवारों को भी कंबल वितरित किए। ठंड के इस मौसम में अस्थ-व्यस्त जीवन जी रहे इन परिवारों को कंबल मिलने से बड़ी राहत मिली है। इस अवसर पर उनके साथ पार्षद कुंदन गौर और पंडित अरुण व्यास भी उपस्थित रहे।









