- शासकीय महाविद्यालय में एड्स पखवाड़े के तहत आयोजन, प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने किया मार्गदर्शन
इटारसी। मध्य प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देश पर, भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय, सुखतवा में आज एकीकृत बीमारियों पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय सेवा योजना, रेड रिबन क्लब, रेडक्रॉस सोसाइटी और प्रज्ञा सोशल ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला एड्स नियंत्रण समिति के परामर्शदाता डॉ. गणेश उपरारिया ने मुख्य रूप से एचआईवी/एड्स के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह एक लाइलाज बीमारी है, लेकिन इससे बचा जा सकता है। उन्होंने असुरक्षित यौन संबंध, इनफेक्टेड सुई और बिना जांच रक्त आदान-प्रदान जैसे चार मुख्य जोखिमों से बचने की सलाह दी। डॉ. गणेश ने जोर देकर कहा कि समझदारी में ही सुरक्षा है, क्योंकि इसे लडक़र नहीं, बल्कि समझदारी से जीता जा सकता है।
महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. नीता राजपूत ने एड्स पखवाड़े के तहत आयोजित इस शिविर के उद्देश्य को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि हमें समाज में फैल रही इस शर्म की भ्रांति को दूर करना होगा और अपनी समस्याओं को खुलकर साझा कर निदान पाना होगा, ताकि समाज स्वस्थ रह सके।
ओएसटी की डॉ. शारदा विश्वास ने बताया कि उनकी संस्था उन लोगों की काउंसलिंग करती है जो असीमित तरीके से नशा करते हैं, और उन्हें इलाज के लिए प्रेरित करती है। कार्यक्रम के दौरान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने लैब टेक्नीशियन मुकेश व्यास के नेतृत्व में लगभग 270 छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों का रक्त परीक्षण और सिकल सेल एनीमिया टेस्ट किया। साथ ही, बीमारियों से ग्रसित लोगों को दवा का वितरण भी किया गया।
अंत में, सभी अतिथियों और विद्यार्थियों को रेड रिबन लगाया गया और इस गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने में सहयोग करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राधा आशीष पांडे ने किया।









