इटारसी। शहर के पास ग्राम गजपुर में डाउन रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना खंबा नंबर 760/26-28 के करीब सुबह 6:57 बजे सामने आई। प्रारंभिक जांच में इसे रेल दुर्घटना का मामला माना जा रहा है।
पॉइंट्समैन ने दी सूचना
गुर्रा स्टेशन के पॉइंट्समैन, दीपक कहार 40 वर्ष, जब रेल मार्ग की नियमित पेट्रोलिंग कर रहे थे, तब उन्होंने ट्रैक के किनारे यह शव देखा। उन्होंने बिना देरी किए तुरंत रामपुर गुर्रा पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने दर्ज किया मामला मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष अनुमानित है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, पंचनामा तैयार किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, अब मृतक की पहचान सुनिश्चित करने, उसके ट्रैक पर पहुंचने के कारण और हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की जांच कर रही है। शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों और रेलवे विभाग को भी जानकारी भेज दी गई है।









