इटारसी/सुखतवा। उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को कॉलेज की शिक्षा से जोडऩे के उद्देश्य से कॉलेज चलो अभियान का प्रथम चरण आज शुरू किया गया। यह अभियान प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत के निर्देशन में चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत, भगवान बिरसा मुण्डा शासकीय महाविद्यालय, सुखतवा की टीम ने सबसे पहले शासकीय सांदीपनि विद्यालय, सुखतवा का दौरा किया।
विद्यार्थियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
स्कूल विजिट के दौरान महाविद्यालय की टीम में प्रभारी शिक्षक आयुष कुमार सादराम एवं श्रीमती संध्या उपाध्याय शामिल रहे। उन्होंने शाला विद्यार्थियों को कॉलेज शिक्षा के महत्व और महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। महाविद्यालय के उपलब्ध संसाधन, ई-लाइब्रेरी, तथा प्रयोगशालाओं की जानकारी दी गई।
- शैक्षणिक सुविधाएं : महाविद्यालय में संचालित पाठ्यक्रम, वर्चुअल क्लास, स्मार्ट क्लास और अध्ययन अध्यापन की नई तकनीकों से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
- खेलकूद : विस्तृत खेल मैदान और खेल सामग्री के विषय में जानकारी दी गई।
- योजनाएं और प्रवेश : शासकीय योजनाओं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के नवीन प्रावधानों, और ई-प्रवेश से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियाँ प्रदान की गईं।
महाविद्यालय टीम ने सभी शाला विद्यार्थियों को कॉलेज के भ्रमण के लिए भी आमंत्रित किया, ताकि वे स्वयं संसाधनों को देख सकें और उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित हो सकें। यह पहल विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए सही मार्गदर्शन प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









