इटारसी। शहर के व्यापारियों को कपड़े चोरी होने की घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। सोमवार, 8 दिसंबर को इटारसी की चावल लाइन स्थित गुडिय़ा फैशन नामक दुकान पर एक ग्राहक द्वारा ट्रायल के बहाने नया जैकेट (जरकिन) पहनकर भाग जाने का मामला सामने आया है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
बताया गया है कि चोरी की यह वारदात तब हुई जब एक दुबला-पतला शख्स दुकान पर जरकिन की ट्रायल ले रहा था। दुकानदार का ध्यान जैसे ही इधर-उधर हुआ, वह व्यक्ति नया जैकेट पहनकर चुपचाप नौ दो ग्यारह हो गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
आरोपी की पहचान
बताया जा रहा है कि इस कृत्य को अंजाम देने वाले व्यक्ति का नाम सनी शर्मा है, जो जमानी रोड स्थित कृष्ण विहार कॉलोनी का रहने वाला बताया जाता है। व्यापारियों से अनुरोध किया गया है कि वे ऐसे लोगों से सावधान रहें जो कपड़े पहनकर देखते हैं और बिना पैसे दिए ट्रायल लेते-लेते नए कपड़े पहनकर निकल जाते हैं।
पुलिस में शिकायत की तैयारी
पीडि़त दुकानदार शीघ्र ही इस संबंध में पुलिस थाना पहुंचकर अपनी औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगा। व्यापारियों से आग्रह है कि वे अपनी दुकानों पर ग्राहकों के ट्रायल लेते समय विशेष निगरानी रखें।









