इटारसी। शहर के व्यस्ततम बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले हाथ ठेला दुकानदारों के खिलाफ नगर पालिका (नपा) की राजस्व टीम ने सख्त कार्रवाई की है।
नगर पालिका कार्यालय की राजस्व टीम ने मंगलवार को बाजार के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन हाथ ठेला दुकानदारों पर कुल तीन हजार रुपए का जुर्माना लगाया। राजस्व निरीक्षक गजेंद्र पांडे और अन्य कर्मचारियों के नेतृत्व में यह कार्रवाई मुख्य रूप से नीमबाड़ा, मोहन काका चौक, मीनाक्षी चौक और स्टेशन के सामने वाले क्षेत्रों में की गई।
नपा अमले द्वारा बार-बार समझाने के बावजूद दुकानदारों के नहीं मानने पर यह सख्ती बरती गई।नगर पालिका ने इन दुकानदारों को भविष्य में सड़क किनारे अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी है।









