इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी में आज सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में तीन विषयों डीटीपी कंप्यूटर, ब्यूटी पार्लर तथा सिलाई-कढ़ाई—में इंटर्नशिप कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
स्वरोजगार एवं कौशल विकास पर ज़ोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने इसे ‘स्किल–ड्रिवन एज’ की आवश्यकता बताते हुए कहा, “कौशल वही है जो जीवन में परिवर्तन लाए।” उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल डिग्री नहीं, बल्कि कौशल ही व्यक्ति की पहचान है और यह प्रशिक्षण उन्हें रोज़गारोन्मुख व आत्मनिर्भर बनाएगा। कोर्स डायरेक्टर अजय मंजारिया ने बताया कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों में स्वरोजगार की भावना और कौशल विकास को बढ़ावा देगा।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अरविंद शर्मा ने भी विद्यार्थियों को उद्यमिता अपनाने और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में सहयोगी फैकल्टी राजकुमार सोनिया, मैनेजर रशीद शेख, सिलाई फैकल्टी ऋतु चौरे तथा ब्यूटी पार्लर फैकल्टी रंजना चौधरी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. मनीष कुमार चौरे ने किया।









