इटारसी। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने शुक्रवार, 12 दिसंबर 2025 को मान्यता चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत की पहली वर्षगांठ को कर्मचारी आभार सप्ताह और विजय दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया। चुनाव चिन्ह गाय के साथ जबलपुर जोन में एकमात्र मान्यता प्राप्त संगठन बनने के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर भोपाल मंडल कार्यालय में भव्य समारोह आयोजित किया।
जोरदार स्वागत और भव्य सम्मान
इस अवसर पर महामंत्री अशोक शर्मा का भोपाल मंडल कार्यालय पहुंचने पर मंडल सचिव कमलेश परिहार, कार्यकारी अध्यक्ष नितिन परमार, एमएस पुरी, प्रशासनिक शाखा के सचिव संजय कटारे, अजय सेन, राजीव रंजन, राजेंद्र सीरिया, पुष्प लता पाठक और डिंपल नायर सहित भारी संख्या में युवाओं ने स्वागत किया। इस कार्यक्रम में 205 वीं पीएनएम में उपस्थित भोपाल मंडल के सभी मंडल पदाधिकारियों और 15 शाखाओं के अध्यक्ष-सचिवों ने भी भाग लिया। इटारसी से भी विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष और सचिवों ने भोपाल पहुंचकर महामंत्री का भव्य स्वागत किया।
8 वें वेतन आयोग और ओल्ड पेंशन पर फोकस
महामंत्री अशोक शर्मा ने अपने उद्बोधन में संगठन की भावी रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि संगठन अगले पांच वर्षों तक लगातार कर्मचारी हित में काम करता रहा, तो भारतीय रेल में केवल तिरंगा झंडा ही रहेगा और अन्य संगठन धीरे-धीरे समाप्ति की ओर चले जाएंगे। उन्होंने प्रमुख रूप से ज्वलनशील मुद्दों को उठाते हुए कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि जनवरी माह में आठवां वेतन आयोग, हार्डशिप रिस्क अलाउंस और ओल्ड पेंशन स्कीम प्राप्त करने जैसे मुद्दों पर रेलवे बोर्ड स्तर पर निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
गरीब परिवारों को मिला सहयोग
मुख्य शाखा के अध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने इस दौरान कई गरीब परिवारों को सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि अनुकंपा नियुक्ति एवं अन्य नियुक्तियों के 8 से 10 ऐसे मामले, जो प्रशासन द्वारा लंबित रखे गए थे, उनमें संगठन ने हस्तक्षेप कर नियुक्तियां और स्थानांतरण करवाकर उन परिवारों को राहत दिलाई है। महामंत्री ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए कर्मचारी हित में इसी निष्ठा के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।









