- डॉ. अंबेडकर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना की मांग को कांग्रेस ने दिया ज्ञापन
इटारसी। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की स्थापना को लेकर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग, नर्मदापुरम के नेतृत्व में शुक्रवार को इटारसी में एक ज्ञापन एसडीएम को दिया। ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका परिषद को चेतावनी दी गई है कि यदि दो माह के भीतर प्रतिमा स्थापना के लिए उचित स्थान का चयन नहीं किया गया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
टूटा फाउंडेशन, खंडित हुई प्रतिमा
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने ज्ञापन में नगर पालिका परिषद के पूर्व और वर्तमान रवैये पर सवाल उठाए। ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रवि किशोर जायसवाल के कार्यकाल में थाने के पास एसीसी तिराहा प्रतिमा स्थापना के लिए निश्चित किया गया था। पूर्व परिषद ने यहां फाउंडेशन भी बनाया था, लेकिन परिषद बदलते ही उसे तोड़ दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा शासित नगर परिषद पर गंभीर आरोप लगाए और आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग प्रदीप अहिरवार ने कहा कि यदि दो महीने के अंदर नगर परिषद जगह का चयन नहीं करती है, तो आंदोलन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवाकांत पांडेय ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर हमारे पूजनीय हैं। हम अनुमति प्रदान न होने पर भी मूर्ति लाकर जल्द स्थापित करने के लिए तत्पर रहेंगे। जिला अध्यक्ष, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग, नर्मदापुरम अजय अहिरवाल ने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव और जयंती पर जय भीम करती है, बाकी दिन गायब रहती है। जगह का चयन न होने पर क्रमिक भूख हड़ताल की शुरुआत की जाएगी।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हेमंत नरवरिया, महासचिव राजकुमार उपाध्याय, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी, गजानंद तिवारी, नगर अध्यक्ष मयूर जायसवाल, गुमान सिंह मांडले, मधुसूदन यादव, मोहन झलिया, कमल चौधरी, पूर्व पार्षद अज्जू शुक्ला, नरेश चौहान, राजेंद्र जोशी, ओमकार शास्त्री सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।









