इटारसी। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी नशा मुक्त युवा, विकसित भारत की आधारशिला कार्यक्रम के तहत आज नर्मदा वैली इंटरनेशनल स्कूल, नर्मदापुरम और कस्तूरबा विद्या मंदिर स्कूल, जमानी के विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर एक सशक्त और विकसित राष्ट्र की नींव तैयार करना है।
युवाओं को किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान विहिप के जिला मंत्री चेतन सिंह राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें भारत को मजबूत बनाने के लिए किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना होगा। उन्होंने जोर दिया कि नशा हमारे युवाओं को कमजोर कर रहा है, जिससे हमारे भारत के भविष्य की नींव कमजोर हो रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष, इटारसी, निर्मल सिंह ने भी विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वयं तो नशे से दूर रहना ही है, साथ ही अपने आसपास के मित्रों, दोस्तों और परिजनों को भी किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की सलाह देनी चाहिए। दोनों स्कूलों के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने संयुक्त रूप से राष्ट्र निर्माण के लिए नशे से दूर रहने की शपथ ली। इस युवा संवाद कायक्रम के दौरान नर्मदा वैली इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य इमरान खान, धीरेंद्र बुंदेला, श्रीमती श्वेता शुक्ला, कस्तूरबा विद्या मंदिर के प्राचार्य, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष सुभाष दुबे और नितिन श्रीवास्तव सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









