- – प्रभारी मंत्री राकेश सिंह करेंगे समारोह का मुख्य लोकार्पण, डॉ. सीतासरन शर्मा करेंगे अध्यक्षता
इटारसी। नगर के विकास को एक नई गति देते हुए, लोक निर्माण विभाग द्वारा इटारसी में नवनिर्मित रेस्ट हाउस का लोकार्पण समारोह कल 14 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए नगर पालिका परिषद, इटारसी द्वारा सभी गणमान्य नागरिकों और आमजन की गरिमामयी उपस्थिति सादर आमंत्रित की गई है।
मुख्य समारोह 14 दिसंबर को दोपहर 2 बजे, लोक निर्माण विभाग का नवनिर्मित रेस्ट हाउस परिसर में होगा। मुख्य अतिथि राकेश सिंह जिले के प्रभारी मंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री, रहेंगे। अध्यक्षता डॉ. सीतासरन शर्मा, विधायक एवं मप्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष करेंगे। विशेष अतिथि दर्शन सिंह चौधरी सांसद नर्मदापुरम, श्रीमती माया नारोलिया राज्यसभा सांसद नर्मदापुरम रहेंगे।
नगर पालिका परिषद, इटारसी के अध्यक्ष पंकज चौरे ने सभी नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है। यह नया रेस्ट हाउस शासकीय कार्यों से आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवास की सुविधा प्रदान करेगा, जिससे नगर में आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।









