इटारसी। शहर में पास्टर्स फैलोशिप, क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन और समस्त मसीही समाज द्वारा संयुक्त रूप से एक शाम प्रभु यीशु के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम क्रिसमस पर्व के उपलक्ष्य में भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में आयोजित किया, जिसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न चर्चों और संस्थाओं ने सक्रिय भागीदारी की।
एकता का प्रदर्शन
इस आयोजन में इटारसी के मसीही समाज की एकता और सौहार्द का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में ईसीआई चर्च गांधीनगर और खेड़ा, बेथेल पेंटिकास्टल चर्च, फ्रेन्ड्स चर्च इटारसी, मकोडिय़ा और खेड़ा, सेक्रेड हार्ट आरसी चर्च, ईएलसी चर्च इटारसी, असेम्बली ऑफ क्राइस्ट चर्च तथा होशंगाबाद, सारणी और जमानी के ईसीआई एवं ईएलसी चर्च शामिल हुए। गीत, संगीत और नाटिका की मनमोहक प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न चर्चों और युवा समूहों द्वारा प्रस्तुत किए गीत, संगीत और लघु नाटिकाएं थीं, जो प्रभु यीशु मसीह के जन्म और उनके जीवन के संदेशों पर केंद्रित थीं।
लिटिल फ्लॉवर कॉन्वेंट स्कूल की छात्राओं ने विशेष प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से मसीही समाज ने प्रभु यीशु के प्रेम, शांति और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। क्रिसमस पर्व की शुभकामनाएं कार्यक्रम के अंत में, समस्त मसीही समाज ने एकजुट होकर उपस्थित सभी लोगों को क्रिसमस जयंती पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल धार्मिक उत्साह को बढ़ाना था, बल्कि शहर में सामुदायिक भाईचारा और सद्भावना को मजबूत करना भी था।









