इटारसी। राष्ट्रीय प्रतिबंधों के बावजूद इटारसी के बाजारों में चाइना मांझा की अवैध और खुली बिक्री पर आखिरकार प्रशासन की गहरी नींद टूटी है। ओवरब्रिज पर हाल ही में हुए एक भीषण हादसे, जिसमें एक युवक की उंगलियां कट गईं और गर्दन पर गहरा घाव आया, के बाद स्थानीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने पुलिस और प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
विधायक का जीरो टॉलरेंस निर्देश
घातक चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए, विधायक डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया है कि अब इस जानलेवा व्यापार के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
तत्काल सीलिंग और एफआईआर
उन्होंने एसडीएम और पुलिस विभाग को तत्काल प्रभाव से चाइनीस मांझा बेचने वाले सभी दुकानदारों की दुकानों को सील करने और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई दर्ज करने का आदेश दिया है।
स्रोत पर रोक
विधायक ने पुलिस को यह भी निर्देश दिया है कि मांझे की सप्लाई चेन को चिह्नित किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि यह जहर शहर में प्रवेश न कर पाए।
पुलिस ने शुरू की तलाशी, मगर हाथ खाली
विधायक के कड़े रुख के तुरंत बाद, पुलिस विभाग हरकत में आया है। पुलिस टीमों ने आज दोपहर पटवा लाइन सहित शहर की अन्य पतंग दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया। हालांकि, शुरूआती सर्च ऑपरेशन में पुलिस को मौके से चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ।
यह तथ्य कि दुर्घटनाएं हो रही हैं लेकिन मांझा दुकानों पर नहीं मिल रहा, यह दर्शाता है कि यह अवैध व्यापार चोरी-छिपे या अन्य गुप्त माध्यमों से फल-फूल रहा है। विधायक के दबाव के बाद, अब यह उम्मीद की जा रही है कि इटारसी प्रशासन केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर, इस जानलेवा मांझे की बिक्री पर पूर्ण और प्रभावी रूप से रोक लगाएगा, जिससे आम नागरिकों की जान सुरक्षित रह सके।









