इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी में राजस्व वसूली के काम को ‘मिशन मोड’ में अंजाम देने वाले नपा के मोहर्रिर आज परिषद के हीरो बन गए। मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और परिषद सदस्यों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मोहर्रिरों को सम्मानित किया, जिनकी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की बदौलत नपा के खजाने में बड़ी बढ़ोतरी हुई है।
मोहर्रिरों का सम्मान, विकास को स्पीड
सम्मान समारोह के दौरान मोहर्रिरों के सतत प्रयासों की जमकर सराहना की गई और उन्हें शहर के विकास में महत्वपूर्ण सहयोगी बताया गया। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि मुख्य रूप से अधिकारी ऋतु मेहरा के नेतृत्व में हाल ही में लोक अदालत के माध्यम से जो प्रभावी राजस्व वसूली की गई है, वह सराहनीय है। उन्होंने जोर देकर कहा, आपकी इस मेहनत से नगर पालिका की आय में वृद्धि हुई है, जिसका सीधा लाभ शहर के विकास कार्यों में तेजी के रूप में देखने को मिलेगा।
आपकी मेहनत, शहर का विकास
राजस्व सभापति अम्रता मनीष ठाकुर ने सभी मोहर्रिरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से अपनी पूरी जिम्मेदारी के साथ राजस्व वसूली कार्य में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा, आपकी मेहनत से प्राप्त यह राजस्व ही नगर के विभिन्न विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेगा। आप सब नपा की आय के रीढ़ हैं।
इस सम्मान कार्यक्रम में सभापति कल्पेश अग्रवाल, राकेश जाधव, नतीजा बेगम, राजकुमार यादव सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने मोहर्रिरों के कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।









