इटारसी। आनंद पब्लिक स्कूल, मालवीयगंज में हुए वार्षिक उत्सव में स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अपनी प्रस्तुतियों में नन्हे कलाकारों ने नृत्य, संगीत और नाटकों के माध्यम से महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिए।
इस दौरान नाटक सोशल मीडिया, नेकी व्यर्थ नहीं जाती और अच्छी आदतें, खूब सराहे गये। नृत्य में लाइटिंग डांस और क्रिकेट मेलोडी डांस में नारी सशक्तिकरण का प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और विशेष अतिथि सिंगापुर से आये पवन कुंदनानी वाइस प्रेसिडेंट, एशिया पैसेफिक सिटी बैंक थे। अतिथियों ने स्कूल द्वारा आयोजित मम्मी का टिफिन कंपटीशन की टॉप 11 विजेता मम्मियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
स्कूल संचालक विजयपाल मनवानी ने बताया कि स्कूल का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास, संस्कारयुक्त शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव इसी सोच का जीवंत उदाहरण है। कार्यक्रम में स्कूल सलाहकार समिति के सदस्यों, लायंस क्लब के सदस्य, सिंधु विकास समिति सदस्यों और पार्षद राकेश जाधव सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









