इटारसी। कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्थानीय ओझा बस्ती के जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए एक मानवीय पहल की गई है। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के निर्देशानुसार, नगर पालिका परिषद के माध्यम से बस्ती के समस्त परिवारों को कंबल एवं गर्म कपड़ों का वितरण किया गया।
विकास कार्यों की मिली सौगात
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने वितरण कार्यक्रम के दौरान बस्तीवासियों को संबोधित करते हुए बताया कि विधायक के मार्गदर्शन में ओझा बस्ती के कायाकल्प की तैयारी पूरी हो चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि बस्ती में पक्के निर्माण और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य जल्द ही धरातल पर शुरू होगा।
समस्याओं की जानकारी ली
- राहत कार्य : ठंड से बचाव के लिए प्रत्येक परिवार को कंबल और गर्म कपड़े दिए गए।
- समस्या निवारण : मौके पर ही निवासियों के आधार कार्ड संबंधी समस्याओं और अन्य अभावों की जानकारी ली गई।
- आवास सुधार : पार्षद अमृता मनीष ठाकुर ने बताया कि पूर्व में निर्मित आवासों को अब और अधिक सर्व-सुविधायुक्त बनाया जा रहा है ताकि जीवन स्तर में सुधार हो सके।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर, परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा गौर, आशा कार्यकर्ता विनम लोवशी, उम्रा रैकवार और अंजलि जोठे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इनका कहना है…
विधायक के प्रयासों से ओझा बस्ती में अब विकास कार्य गति पकड़ेंगे। हमारा उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
पंकज चौरे, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद









