इटारसी। नगरपालिका परिषद इटारसी द्वारा आयोजित अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता के चौथे दिन दर्शकों को उच्च स्तरीय हॉकी का रोमांच देखने को मिला। तीन अलग-अलग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक और खेल भावना का प्रदर्शन किया
पहला मुकाबला: बिलासपुर की रोमांचक जीतदिन का पहला मैच सी पी एम जी भोपाल बनाम एसईसीआर रेलवे बिलासपुर के बीच खेला गया। बिलासपुर के जेड.एम. खान ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए पहला गोल किया, जिसके बाद प्रिंस ने मैदानी गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। भोपाल ने अंतिम समय में एक गोल कर मैच को रोमांचक बनाया, लेकिन बिलासपुर ने 2-1 से जीत दर्ज की।
दूसरा मुकाबला: शूट-आउट तक पहुंचा रोमांच: डीएचए राजनांदगांव और रायपुर के बीच खेला गया दूसरा मैच बराबरी पर छूटा। राजनांदगांव के सोनू निषाद और संदीप ठाकुर के गोलों के जवाब में रायपुर ने शानदार वापसी की और स्कोर 2-2 की बराबरी पर ला दिया। इस कड़े मुकाबले का निर्णय अंततः पेनल्टी शूट-आउट के माध्यम से किया गया।
तीसरा मुकाबला: सैफई ने सिवनी को हरायादिन का तीसरा मुकाबला सैफई और सिवनी के मध्य खेला गया। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। सैफई की ओर से राजा ने निर्णायक खेल दिखाते हुए अंतिम क्षणों में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और अपनी टीम को 4-3 से शानदार जीत दिलाई।
तृतीय मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम नीलेश शर्मा, तहसीलदार सुनीता साहनी, वीरेंद्र मिश्रा एवं गौरव बुंदेला उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष राहुल चौरे एवं स्वागत अध्यक्ष शैलेन्द्र दुबे ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनके प्रदर्शन की सराहना की।









