इटारसी। नगर के खेल इतिहास में कल एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारतीय सीनियर हॉकी टीम के उपकप्तान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने वाले ओलंपियन विवेक सागर कल इटारसी के गांधी ग्राउंड पर नजर आएंगे।
नगरपालिका परिषद द्वारा आयोजित अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता में विवेक सागर स्वयं इटारसी की टीम की ओर से खिलाड़ी के रूप में मैदान में उतरेंगे। उनकी उपस्थिति न केवल स्थानीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी, बल्कि दर्शकों को भी विश्व स्तरीय हॉकी का सजीव आनंद लेने का अवसर मिलेगा। आयोजन समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे भारी संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें और लाड़ले खिलाड़ी का भव्य स्वागत करें।









