इटारसी। भक्ति और शक्ति के संगम का एक दिव्य स्वरूप गीता मैरिज पैलेस भवन, नर्मदापुरम में देखने को मिला। यहां विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति की सदस्यों ने महर्षि याज्ञवल्क्य सनातन कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता की। मातृशक्ति की टोली ने व्यास पीठ का पूजन कर कथावाचक का आत्मीय अभिनंदन किया।
कथावाचक का सम्मान और सामूहिक पाठ
कार्यक्रम के दौरान विहिप मातृशक्ति की बहनों ने व्यास पीठ पर विराजमान सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य पंडित अविनाश मिश्रा का भावभीना स्वागत किया। भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने कथा के अमृत वचनों का आनंद लिया। इस अवसर पर वृंदावन से पधारे विद्वान पुरोहितों के सानिध्य में सर्व पितृ मोक्षार्थ हेतु सामूहिक मूलपाठ भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
इस दिव्य आयोजन में विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति की ओर से मुख्य रूप स श्रीमती तरुणा सोनी जिला संयोजिका, विहिप मातृशक्ति नर्मदापुरम, अर्चना सातपुते इटारसी नगर सत्संग प्रमुख, चंद्रकला नागवंशी सेवा प्रमुख, उषा मालवीय कार्यकारिणी सदस्य ने विधि-विधान से व्यास पीठ का पूजन किया और धर्म रक्षा व सामाजिक समरसता का संकल्प दोहराया।
धार्मिक उत्साह का वातावरण
विहिप के जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अनुरुद्ध चंसौरिया के अनुसार, यह आयोजन सनातन संस्कृति के प्रचार और पितरों की शांति के उद्देश्य से किया गया है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण धर्ममय हो गया है।









