इटारसी। रेलवे स्टेशन के नए टिकट काउंटर और फुट ओवरब्रिज क्षेत्र में यात्रियों की परेशानियों को लेकर जेडआरयूसीसी सदस्य राजा तिवारी के परसों किए निरीक्षण के बाद रेल प्रशासन हरकत में आया और अब यहां बुनियादी सुविधाएं बहाल होना शुरू हो गई हैं।
कुर्सियां लगीं, यात्रियों को मिली राहत
नये फुट ओवरब्रिज के नीचे स्थित टिकट घर के सामने अब तक यात्रियों के बैठने की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी होती थी। राजा तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद रेल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए यहां बैठने के लिए बेंचों (कुर्सियों) की व्यवस्था कर दी है।
पेयजल और शौचालय का काम भी पाइपलाइन में
रेल अधिकारियों के अनुसार, आगामी सोमवार तक नए टिकट विंडो क्षेत्र में पानी का कनेक्शन लग जाएगा। अगले 8 से 10 दिनों के भीतर यहां यूरिनल और शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया है।
ऑटो स्टैंड :जाम से मिलेगी स्थायी मुक्ति
निरीक्षण के दौरान राजा तिवारी ने नवनिर्मित ऑटो स्टैंड के कार्यों की भी समीक्षा की। स्टेशन के बाहर यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए ऑटो स्टैंड का निर्माण अब अंतिम चरणों में है। इसके शुरू होने से स्टेशन परिसर में आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से आम जनता को निजात मिलेगी।
इनका कहना है…
हमारा लक्ष्य है कि नए टिकट विंडो पर आने वाले हर यात्री को सुगम अनुभव मिले। ऑटो स्टैंड का निर्माण पूरा होते ही व्यवस्थित वाहन सुविधा मिलेगी और ट्रैफिक जाम की समस्या भी समाप्त हो जाएगी।
राजा तिवारी, सदस्य जेडआरयूसीसी









