इटारसी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अगले चरण को लेकर तहसील कार्यालय में बीएलओ और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण संपन्न हुआ।
तहसीलदार श्रीमती सुनीता साहनी ने निर्वाचन प्रक्रिया के द्वितीय चरण की बारीकियों से अमले को अवगत कराया।घर-घर सत्यापन का प्रथम चरण 18 दिसंबर को समाप्त हो गया है। अब द्वितीय चरण 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक चलेगा।
तहसीलदार ने बताया कि ऐसे मतदाता जिनका नाम 2003 की सूची में न होने के कारण मैपिंग नहीं हो पाई है, उनके लिए ईआरओ (ERO) द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस मिलने पर मतदाताओं को आयु वर्ग के अनुसार आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
बीएलओ को सिखाया गया कि दावा-आपत्ति की सुनवाई के दौरान किस उम्र समूह के मतदाता से कौन-कौन से दस्तावेज प्राप्त करने हैं, ताकि त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार हो सके। इस अवसर पर निर्वाचन शाखा से डीएस सूर्यवंशी, सचान, केएस कुर्मी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला सहित सभी सेक्टर सुपरवाइजर और मतदान केंद्रों के बीएलओ उपस्थित रहे।









