इटारसी। रेल सुरक्षा बल इटारसी ने ईमानदारी और मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक महिला यात्री का ट्रेन में छूटा हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर उन्हें सौंप दिया। बैग में सोने-चांदी के जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
पूरा घटनाक्रम
24 दिसंबर 2025 को आरपीएफ इटारसी को सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 11058 में विदिशा से मंडीदीप की यात्रा कर रही महिला यात्री विनीत गोस्वामी का बैग ट्रेन में ही छूट गया है। महिला यात्री मंडीदीप स्टेशन पर उतर गई थीं, जबकि उनका सामान कोच में ही रह गया था।
आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही ट्रेन के इटारसी स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ आरक्षक हर प्रताप सिंह परमार ने तत्काल कोच की तलाशी ली। सामान्य कोच में बैग न मिलने पर जब महिला कोच की जांच की गई, तो वहां एक लावारिस बैग मिला। पूछताछ करने पर किसी भी यात्री ने उस पर अपना दावा नहीं किया। हुलिए के मिलान के बाद बैग को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट लाया गया।
कीमती सामान देख भावुक हुई महिला
यात्री विनीत गोस्वामी निवासी शीतल सिटी, मंडीदीप के आरपीएफ पोस्ट पहुंचने पर सहायक उपनिरीक्षक चंदन सिंह ने उचित सत्यापन किया गया और बैग उन्हें सुपुर्द किया गया। बैग में सोने का मंगलसूत्र, चांदी की करधनी, पैर पट्टी, बिछुए और कमर का गुच्छा, आधार कार्ड, एटीएम, बैंक पासबुक और आईडी कार्ड, अन्य निजी कपड़े व अन्य कीमती सामान सुपुर्द किया।









