इटारसी। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती बुधवार को वार्ड 21 में गरिमामय ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व पार्षद श्रीमती मधु मनोज बड़कुर के निवास पर विशेष श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अटल जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई।
पूर्व पार्षद श्रीमती मधु बड़कुर ने अटल जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी मात्र एक राजनेता नहीं, बल्कि एक युगपुरुष थे, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन और विचार हम सभी के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेंगे।
वार्ड स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं और बच्चे सम्मिलित हुए। बच्चों को अटल जी के जीवन की प्रेरणादायक कहानियां सुनाई गईं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। वार्डवासियों ने अटल जी के सुशासन के सपने को साकार करने की बात दोहराई।









