महिलाओं की आत्मनिर्भरता की दिखी झलक
इटारसी। क्रिसमस के पावन पर्व पर जहां हर ओर उत्सव का माहौल रहा, वहीं राहत वेलफेयर सोसायटी फॉर वूमेन एंड चिल्ड्रन ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की। संस्था द्वारा चर्च परिसरों में महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प सामग्री के विशेष स्टॉल लगाए गए, जिन्हें समाज का भरपूर प्रोत्साहन मिला।
हाथों के हुनर की हुई सराहना
सोसायटी की प्रमुख निदा फरहीन ने बताया कि संस्था से जुड़ी महिलाओं ने विशेष रूप से क्रिसमस के लिए आकर्षक कैंडल (मोमबत्तियां) और अन्य हैंडमेड सामग्री तैयार की थी। इन सामग्रियों की बिक्री के लिए शहर के प्रमुख फ्रेन्ड्स चर्च और कॉन्वेंट चर्च में स्टॉल लगाए गए। मसीह समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में इन स्टालों पर पहुंचकर खरीदारी की और महिलाओं के कौशल की प्रशंसा की।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
संस्था का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को मंच प्रदान करना है जो घर बैठे लघु उद्योग या हस्तशिल्प के माध्यम से अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। निदा फरहीन ने कहा, ऐसे आयोजनों और त्यौहारों के माध्यम से महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को सीधा बाजार मिलता है, जिससे न केवल उनकी आय बढ़ती है बल्कि उनका आत्मविश्वास भी सुदृढ़ होता है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के अन्य सदस्यों ने भी सहयोग किया। चर्च पहुंचने वाले नागरिकों ने हस्तनिर्मित मोमबत्तियों और सजावटी सामान की गुणवत्ता को सराहा। संस्था ने भविष्य में भी इस तरह के प्रदर्शनियों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩे का संकल्प दोहराया।









