सिवनी मालवा। मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शनिवार को शासकीय कन्या महाविद्यालय की टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोमलवाड़ा में कॉलेज चलो अभियान का सफल आयोजन किया। यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
डॉ. रजनीकांत वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने सही विषय चयन और लक्ष्य की स्पष्टता पर जोर दिया। डॉ. सतीश बालापुरे ने प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति योजनाओं और सरकारी पोर्टल की जानकारी दी, ताकि आर्थिक बाधाएं शिक्षा में आड़े न आएं। डॉ. मनीष दीक्षित ने नवीन करियर विकल्पों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के गुर सिखाए। वहीं स्कूल की ओर से डॉ. अखिलेश यादव ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने करियर, फीस संरचना और विषयों को लेकर विशेषज्ञों से प्रश्न पूछे, जिनका मौके पर समाधान किया गया। विद्यालय के प्राचार्य राममोहन रघुवंशी ने इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में शिक्षक राजेश देवरिया, शिव शंकर चौधरी, वीरेंद्र यादव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।









