इटारसी। सरस्वती सेवा समिति एवं गृहलक्ष्मी महिला मंडल वार्ड 22 द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्री शिवपुराण कथा के पांचवें दिन भगवान शिव के गृहस्थ स्वरूप की महिमा का बखान किया गया। कथावाचक पं. देवेंद्र दुबे ने अपनी सरल और भावपूर्ण शैली से शिव-पार्वती के आदर्श दांपत्य जीवन का वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पं. दुबे ने बताया कि भगवान शिव केवल वैराग्य के ही नहीं, बल्कि एक कर्तव्यनिष्ठ और करुणामय गृहस्थ के भी प्रतीक हैं। उनका परिवार संपूर्ण मानवता को प्रेम और धर्म का संदेश देता है। कथा में भगवान गणेश के प्रथम पूज्य बनने के प्रसंग और भगवान कार्तिकेय (स्कंद) के शौर्य व उनके देवसेनापति बनने की कथा का विस्तार से वर्णन किया।
मुख्य यजमान अनिरुद्ध दुबे ने सपत्नीक विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक किया, जिससे संपूर्ण पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। कथा के पांचवें दिन विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे विशेष रूप से उपस्थित हुए। अतिथियों ने व्यासपीठ का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन समिति ने बताया कि कथा का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा और सात्विक विचारों का संचार करना है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्डवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।









