इटारसी। हरसंग गुरुद्वारा समिति द्वारा शहर को स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर निकाले गए नगर कीर्तन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा। नगर पालिका सभापति राकेश जाधव ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुद्वारा कमेटी द्वारा स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर कीर्तन में कचरा वाहन की मांग की गई थी, जिसे तत्काल उपलब्ध कराया गया।
नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ गुरुद्वारे पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कीर्तन के दौरान नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा तुरंत कचरा एकत्रित किया गया, जिससे मार्गों पर साफ-सफाई बनी रही। सभापति राकेश जाधव ने नागरिकों से अपील की कि शहर में निकलने वाले सभी धार्मिक एवं सामाजिक चल समारोहों में इसी प्रकार स्वच्छता का ध्यान रखा जाए और इटारसी शहर को साफ एवं सुंदर बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।









