इटारसी। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में पिछले दो दिनों से एक सांड का जबरदस्त आतंक बना हुआ है। जो सांड लंबे समय से शहर की गलियों में शांत देखा जाता था, वह अब अचानक हिंसक हो गया है। स्थिति यह है कि सांड रास्ते से गुजरने वाले किसी भी व्यक्ति को देखते ही उस पर हमला कर रहा है, जिससे कई लोग घायल हो चुके हैं।
व्यवहार में आए बदलाव से दहशत
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सांड काफी समय से इटारसी में ही घूमता रहा है और पहले कभी हिंसक नहीं था। लेकिन बीते दो दिनों से इसके व्यवहार में आए अचानक बदलाव से ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे वह पागल हो गया हो। बाजार आने वाले राहगीर और दुकानदार अब दहशत के साये में काम करने को मजबूर हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
सड़क पर सांड के हिंसक होने से राहगीरों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है। नागरिकों ने नगरपालिका और प्रशासन से मांग की है कि इस हिंसक पशु को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।









