इटारसी। पुरानी इटारसी के टीआरएम स्कूल ने अपने 29 वें वार्षिकोत्सव को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रतिभाओं के महाकुंभ में बदल दिया। शहर का ऑडिटोरियम उस समय तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा, जब नन्हे हाथों ने तबले की थाप दी और जांबाज विद्यार्थियों ने ताइक्वांडो के दांव-पेंच दिखाए।
मंच पर जीवंत हुआ इतिहास और भविष्य
इस बार का वार्षिकोत्सव पारंपरिक नृत्यों से कहीं आगे था। विद्यार्थियों ने डिजिटल इंडिया की बढ़ती शक्ति को नृत्य के जरिए पेश किया, तो वहीं अहमदाबाद विमान दुर्घटना जैसी संवेदनशील घटना पर आधारित नाटिका ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। सबसे खास रही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती पर दी गई भावपूर्ण प्रस्तुति, जिसने राष्ट्रवाद की अलख जगा दी।
नन्हे कन्धों पर जिम्मेदारी, सत्र 2026 की सरकार तैयार
वार्षिकोत्सव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यहां भविष्य के लीडर्स भी तैयार किए गए। आगामी सत्र 2026 के लिए स्कूल की नई मंत्रिपरिषद का गठन कर छात्र-नेताओं को शपथ दिलाई गई। स्कूल बैंड की सुरीली धुन और तबला-कांगो वादन की जुगलबंदी ने समां बांध दिया।
दिग्गजों ने बढ़ाया उत्साह
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत सहित अन्य अतिथियों ने बच्चों के कौशल को देख उनकी मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। मंच पर मेधावी छात्रों के चेहरे पर पुरस्कार की चमक दिखी तो अतिथि दीर्घा में पार्षद दिलीप गोस्वामी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, पार्षद सभापति राकेश जाधव और सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर की उपस्थिति रही।









