इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है। 1 जनवरी 2026 से ट्रेनों का पहला आरक्षण चार्ट ट्रेन छूटने के 10 घंटे पहले तैयार हो जाएगा। इस नई व्यवस्था से उन यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो वेटिंग लिस्ट में होने के कारण यात्रा को लेकर असमंजस में रहते हैं।
क्या है नया टाइम-टेबल?
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के अनुसार, चार्ट तैयार करने का समय अब ट्रेन के प्रस्थान के आधार पर तय होगा।
- सुबह 05:01 से दोपहर 02:00 बजे तक की ट्रेनें : इनका चार्ट पिछले दिन रात 08:00 बजे ही तैयार हो जाएगा। यानी सुबह की ट्रेन के लिए आपको एक रात पहले ही स्टेटस पता चल जाएगा।
- दोपहर 02:01 से रात के बीच की ट्रेनें : इनका चार्ट ट्रेन छूटने से कम से कम 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा।
- इमरजेंसी कोटा : चार्ट जल्दी बनने के कारण अब इमरजेंसी कोटे के आवेदन भी एक दिन पहले ही स्वीकार किए जाएंगे।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
- सही प्लानिंग : यात्रियों को स्टेशन आने से बहुत पहले पता चल जाएगा कि उनका टिकट कंफर्म हुआ है या नहीं।
- तनाव से मुक्ति : अंतिम क्षणों की अनिश्चितता और मानसिक तनाव कम होगा।
- समय की बचत: चार्ट की स्थिति देखकर यात्री अपनी यात्रा रद्द करने या वैकल्पिक साधन खोजने का समय रहते निर्णय ले सकेंगे।









