इटारसी। नव वर्ष 2026 के स्वागत के जश्न में खलल डालने वाले उपद्रवियों और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ नर्मदापुरम पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक साईं एस थोटा के निर्देश पर जिले भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जश्न के नाम पर सडक़ों पर अश्लीलता, हुड़दंग या यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
इन हरकतों पर होगी सीधी एफआईआर
- सडक़ पर केक काटना : बीच सडक़ पर खड़े होकर केक काटने या मार्ग अवरुद्ध करने पर प्रतिबंध रहेगा।
- जानलेवा स्टंट : चलते वाहन की छत या बोनट से बाहर निकलकर नाचना, वीडियो बनाना या रील बनाना भारी पड़ सकता है।
- यातायात उल्लंघन : ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना, बिना लाइसेंस ड्राइविंग और मोडिफाइड साइलेंसर (पटाखा छोडऩे वाले) पर सख्त एक्शन होगा।
- ध्वनि प्रदूषण: अत्यधिक शोर और सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
- बड़ी कार्रवाई : नियमों का उल्लंघन करने वालों का न केवल चालान बनेगा, बल्कि उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया भी तत्काल शुरू की जाएगी।
बदलता रहेगा चेकिंग पॉइंट
कोतवाली, देहात और यातायात पुलिस की टीमें अगले तीन दिनों तक जिले के विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगी। नर्मदापुरम शहर में विशेष रूप से 6 स्थानों पर सघन चेकिंग की जाएगी। पुलिस की रणनीति इस बार अलग है, चेकिंग पॉइंट निश्चित नहीं रहेंगे। कुछ समय चेकिंग के बाद अचानक स्थान बदल दिया जाएगा, ताकि हुड़दंगियों को संभलने का मौका न मिले। यही प्रक्रिया जिले के सभी प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों पर लागू होगी।
पुलिस की अपील, मर्यादा में मनाएं उत्सव
नर्मदापुरम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नव वर्ष का आनंद शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से लें। पुलिस ने कहा हम चाहते हैं कि आपका नव वर्ष दुर्घटना मुक्त और खुशहाल हो। व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। मर्यादा में रहकर जश्न मनाएं ताकि किसी की खुशी मातम में न बदले।









