इटारसी। नगर पालिका परिषद द्वारा जन समस्याओं के मौके पर निराकरण के लिए शुरू किए गए जहां नागरिक, वहीं नगर पालिका अभियान के तहत सोमवार को वार्ड क्रमांक 26 नाला मोहल्ला में शिविर लगाया गया। शिविर में नपा अध्यक्ष पंकज चौरे, वार्ड पार्षद कुंदन गौर और सीएमओ ऋतु मेहरा ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
काम में लापरवाही पर सख्त एक्शन
शिविर के दौरान टपरिया मोहल्ले में कच्ची नाली की सफाई न होने पर नागरिकों ने भारी आक्रोश व्यक्त किया। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए अध्यक्ष पंकज चौरे ने संबंधित क्षेत्र के मुकदम का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि सफाई कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
असामाजिक तत्वों पर नकेल और विकास की मांग
नागरिकों ने शिकायत की कि टपरिया मोहल्ले में रात 8 से 11 बजे के बीच असामाजिक तत्व नशाखोरी और उपद्रव करते हैं। अध्यक्ष ने इस मामले में पुलिस गश्त बढ़वाने का आश्वासन दिया। शिविर में सीसी रोड, आरसीसी पुलिया और नाली निर्माण के लिए आमिर अंसारी, यूनुस खान और सबीना बी सहित कई वार्डवासियों ने आवेदन दिए। मंदिर प्रांगण में पेवर ब्लॉक लगाने की मांग भी उठी।
बसंती बाई और शंकर उइके ने पेंशन न मिलने तथा दौलत प्रसाद ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित होने की बात कही, जिस पर अध्यक्ष ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। नपा अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य शासन की योजनाओं को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। हम कोशिश कर रहे हैं कि नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी समस्याओं का मौके पर ही अंत हो।









